लक्ष्मी पूजन के अवसर पर भव्य भागवत कथा का सफल आयोजन

अंतिम दिन लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव हुए शामिल, जन चौपाल लगाकर लोगों को किया जागरूक

शशि सिदार कि खास लेख

लैलूंगा । केराबाहर में लक्ष्मी पूजन के पावन अवसर पर भागवत कथा का आयोजन किया गया। धार्मिक वातावरण, भक्ति-संगीत और आध्यात्मिक प्रवचन से क्षेत्र लगातार कई दिनों तक गुंजायमान रहा। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला, पुरुष एवं युवाओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

भागवत कथा के अंतिम दिन माहौल और भी अधिक आलौकिक हो गया, जब लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव अपने पुलिस स्टाफ के साथ मंच के समीप पहुंचे और कथा का रसपान किया। थाना प्रभारी ने आयोजकों एवं क्षेत्रवासियों के अनुशासन और श्रद्धा की सराहना की।

इसी दौरान पुलिस विभाग द्वारा जन चौपाल का आयोजन भी किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूक किया गया। जन चौपाल में थाना प्रभारी गिरधारी साव ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी की बढ़ती घटनाओं, शराबबंदी,सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक सौहार्द, महिला सुरक्षा तथा युवाओं को भटकाव से बचाने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने और जागरूक करने की भी जिम्मेदारी निभाती है।

जन चौपाल में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने पुलिस अधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुना और समाज में शांति व सहयोग कायम रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने विचार एवं समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान हेतु थाना प्रभारी ने आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन आध्यात्मिकता, सामाजिक जागरूकता और जनहित का अद्भुत संगम साबित हुआ, जिसमें भागवत कथा के साथ-साथ समाज को बेहतर दिशा देने का भी सफल प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करने की इच्छा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!